

लखनऊ। आय से अधिक संपत्ति के मामले में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। सात और आठ जुलाई को अलीगंज स्थित घर में की गई तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकदी, सोना, चांदी, हीरे-जवाहरात और करोड़ों रुपये की संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए।

विजिलेंस के अनुसार, तलाशी में करीब 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी तथा बड़ी मात्रा में हीरे और अन्य कीमती आभूषण मिले हैं। बरामद सोना-चांदी और आभूषणों का अनुमानित मूल्य करीब 20 करोड़ रुपये आंका गया है।
जांच के दौरान लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और नोएडा में मकान, प्लॉट, फ्लैट बुकिंग और कृषि भूमि से संबंधित दस्तावेज भी बरामद हुए। इसके अलावा दो लग्जरी कारें, एक रिवॉल्वर तथा एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वर्ष 2024 में मुकदमा दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर आय से अधिक संपत्ति की जांच की जा रही है। छापेमारी में मिले साक्ष्यों के आधार पर अब मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।