
वाराणसी- जंसा थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम ने छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास के बाहर छात्राओं के साथ अभद्रता और अशोभनीय इशारे करने का आरोप है। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को थानाध्यक्ष सत्यजीत सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीम विद्यालयों और बाजारों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि देईपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास के मुख्य द्वार के बाहर दो युवक छात्राओं से हंसी-मजाक और अशोभनीय इशारे कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान देईपुर निवासी शिवम पटेल (19) और अश्वनी पटेल (18) के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही विद्यालय परिसर के आसपास मौजूद अन्य लोगों को भी इस प्रकार की हरकतों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी गई।
