Editor

लोहता में कॉस्मेटिक की दुकान में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, लाखों का सामान जलकर राख

Hamari sevaye

लोहता/वाराणसी। थाना क्षेत्र के लखमीपुर गांव में गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक कॉस्मेटिक की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से करीब 3 लाख 75 हजार रुपये का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार लखमीपुर गांव निवासी लाल बहादुर पटेल की पत्नी ममता पटेल अपने ही मकान के एक कमरे में जनरल व कॉस्मेटिक की दुकान चलाती थीं। आज वह दुकान बंद कर बच्चों को मेला दिखाने जाने वाली थीं। दुकान बंद करने के कुछ ही देर बाद बंद शटर से तेज धुआं निकलता देख आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाया।
जब तक ममता पटेल शटर खोल पातीं, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। दुकान में रखा कॉस्मेटिक से संबंधित ज्यादातर सामान जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन तब तक नुकसान हो चुका था। ममता पटेल ने बताया कि आग लगने का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट हो सकता है। इस हादसे में लगभग 3 लाख 75 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। सूचना पाकर लखमीपुर गांव के प्रधान जंगबहादुर पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने लेखपाल को सूचना देते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिया।

VK Finance
खबर को शेयर करे

Leave a Comment