

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद इटावा में सपा कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। विरोध स्वरूप बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ता इटावा-कन्नौज हाईवे पर धरने पर बैठ गए, जिससे कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की हिरासत का विरोध करते हुए तत्काल रिहाई की मांग की।
उधर, भरथना के जवाहर रोड पर भी समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाया और कहा कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन मौके पर मुस्तैद रहे। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।