

मेरठ। हस्तिनापुर में स्कूल संचालक पति की कथित तौर पर सांप से डसवाकर हत्या कराने के आरोप में जेल भेजी गई दामिनी को जिला कारागार में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेल प्रशासन ने उसके स्वयं को शिक्षिका बताए जाने के बाद उसे जेल की लाइब्रेरी से संबद्ध कर दिया है। मंगलवार से वह आधिकारिक रूप से लाइब्रेरी का कार्य संभालेगी।

जेल प्रशासन के अनुसार, दामिनी ने बताया कि वह पहले शिक्षण कार्य से जुड़ी रही है और जेल में भी अपने खाली समय का सकारात्मक उपयोग करना चाहती है। उसके इस अनुरोध और शैक्षणिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उसे लाइब्रेरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अब दामिनी महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों को धार्मिक पुस्तकों का अध्ययन कराएगी। उसने लाइब्रेरी से रामायण भी प्राप्त कर ली है और महिला बंदियों को रामायण तथा सुंदरकांड का नियमित पाठ कराने की इच्छा जताई है।
जेल प्रशासन का कहना है कि कारागार में बंदियों के मानसिक और नैतिक विकास के लिए समय-समय पर शैक्षणिक, धार्मिक और सुधारात्मक गतिविधियां संचालित की जाती हैं। इसी क्रम में दामिनी को यह दायित्व दिया गया है, ताकि वह अपने समय का रचनात्मक उपयोग करते हुए अन्य बंदियों को भी अध्ययन के लिए प्रेरित कर सके।
गौरतलब है कि दामिनी पर अपने स्कूल संचालक पति की सांप से डसवाकर हत्या कराने का गंभीर आरोप है। इस बहुचर्चित मामले में वह न्यायिक हिरासत में जिला कारागार में बंद है। अब जेल के भीतर उसे एक नई भूमिका मिलने से यह मामला एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।