

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा गांव में हनुमान मंदिर में स्थापित बजरंग बली की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने से इलाके में तनाव का माहौल बन गया। शरारती तत्वों ने रात के अंधेरे में प्रतिमा को कई टुकड़ों में तोड़कर मंदिर की सीढ़ियों से बाहर तक बिखेर दिया।

सुबह घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मंदिर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सारनाथ थाना पुलिस के साथ एसीपी विनय द्विवेदी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने खंडित प्रतिमा के स्थान पर पूरे विधि-विधान और सम्मान के साथ नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी। उनका कहना था कि धार्मिक आस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों की तहरीर के आधार पर सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।