

वाराणसी। श्रावणी मेले में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों के लिए बड़ी राहत दी है। पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने आसनसोल-गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला अनारक्षित स्पेशल ट्रेन (03527/03528) चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन 32 फेरों तक प्रतिदिन संचालित होगी।

रेलवे के अनुसार, 03527 आसनसोल-गोरखपुर श्रावणी मेला स्पेशल का संचालन 29 जुलाई से 29 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जाएगा। ट्रेन रात 9:00 बजे आसनसोल से रवाना होकर चित्तरंजन, मधुपुर, जसीडीह, झाझा, जमुई, किऊल, बरौनी, बछवारा, शाहपुर पटोरी, हाजीपुर, सोनपुर, दिघवारा, छपरा, सीवान और देवरिया सदर होते हुए अगले दिन सुबह 11:00 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
वहीं, 03528 गोरखपुर-आसनसोल श्रावणी मेला स्पेशल 30 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन गोरखपुर से शाम 4:15 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन देवरिया सदर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, किऊल, जमुई, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चित्तरंजन के रास्ते अगले दिन सुबह 8:20 बजे आसनसोल पहुंचेगी।
रेल प्रशासन ने बताया कि श्रद्धालुओं और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में 20 सामान्य द्वितीय श्रेणी तथा 2 एसएलआरडी सहित कुल 22 अनारक्षित कोच लगाए जाएंगे। रेलवे को उम्मीद है कि इस स्पेशल ट्रेन के संचालन से श्रावणी मेले के दौरान यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।