

वाराणसी। छावनी स्थित पोस्ट ऑफिस, सेंट मेरिज स्कूल और आसपास के इलाकों में बुधवार शाम से पेयजल आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गुरुवार सुबह भी जलापूर्ति शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई और दैनिक कार्य प्रभावित हुए।

शुरुआत में जलापूर्ति बंद होने के कारणों की जानकारी नहीं मिल सकी। लोगों का आरोप था कि संबंधित अवर अभियंता (जेई) का फोन भी रिसीव नहीं हो रहा था, जिससे स्थिति को लेकर असमंजस बना रहा।
बाद में जलकल विभाग के अवर अभियंता ने बताया कि ट्यूबवेल में तकनीकी खराबी आने के कारण पानी की सप्लाई बाधित हुई है। खराबी दूर करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है और मरम्मत के लिए तकनीकी टीम मौके पर लगी हुई है।
विभाग ने उम्मीद जताई है कि शाम तक मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति बहाल कर दी जाएगी। तब तक प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की गई है। विभाग का कहना है कि सप्लाई शुरू होते ही प्रभावित इलाकों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।