Editor

चैटबॉट की घंटी बजते ही दौड़ी नगर निगम की टीमें, 4 घंटे में 13 शिकायतों का शत-प्रतिशत निस्तारण

Hamari sevaye

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी का स्मार्ट व्हाट्सएप चैटबॉट गंगातटवर्ती 25 वार्डों में तेजी से असर दिखा रहा है। दूसरे दिन भी चैटबॉट पर दर्ज सभी 13 जनशिकायतों का महज चार घंटे के भीतर शत-प्रतिशत निस्तारण कर दिया गया। शिकायत मिलते ही कंट्रोल रूम से संबंधित विभागों को सूचना भेजी गई और इंजीनियरों की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने में जुट गईं।

VK Finance

नगर निगम के अनुसार सबसे अधिक जलकल विभाग से जुड़ी 8 शिकायतें मिलीं, जिनमें सीवर ओवरफ्लो, गंदे पानी का बहाव और पेयजल पाइपलाइन लीकेज शामिल थे। विभागीय टीमों ने एक से तीन घंटे के भीतर सीवर जाम हटाकर और पाइपलाइन की मरम्मत कर लोगों को राहत पहुंचाई।

वहीं निर्माण विभाग को मिली चार शिकायतों में खुले नालों और जलभराव की समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया। हादसों की आशंका को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग भी कराई गई।

सबसे संवेदनशील शिकायत बंगाली टोला में स्ट्रीट लाइट के खंभे में करंट उतरने की थी। सूचना मिलते ही आलोक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मात्र 1 घंटे 12 मिनट में फॉल्ट ठीक कर संभावित बड़े हादसे को टाल दिया।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र ने बताया कि कंट्रोल रूम से शिकायतों की लगातार निगरानी की जा रही है, जिससे पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ी है। नगर निगम का दावा है कि स्मार्ट चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को तेज, प्रभावी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment