

अमौली, फतेहपुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 19.52 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सठीगंवा-चांदपुर-लहुरीमऊ मार्ग गुरुवार को बारिश के दौरान धंस गई। गज्जा का डेरा गांव के पास सड़क का हिस्सा अचानक बैठ जाने से कई घंटों तक आवागमन बाधित रहा और निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए।

करीब 18.52 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 1,951.72 लाख रुपये की लागत से कराया गया था। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बने अभी दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए हैं, लेकिन कई स्थानों पर सड़क उखड़ने लगी है और बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।
सड़क धंसने के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई। स्कूल बसों में सवार बच्चों, एंबुलेंस और अन्य वाहनों को घंटों जाम में फंसना पड़ा। बाद में क्रेन की मदद से फंसे वाहनों को निकालकर यातायात बहाल कराया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। कुछ लोगों ने ओवरलोड वाहनों को सड़क क्षतिग्रस्त होने का कारण बताया, जबकि कई ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही और घटिया गुणवत्ता का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषी अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।