


रिपोर्टर- प्रमोद दुबे
फतेहपुर। जिले के हथगांव थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, देर रात संदिग्ध बदमाशों की सूचना मिलने पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े।
घायल आरोपियों को तत्काल पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस, गौकशी में इस्तेमाल होने वाले औजार तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनके खिलाफ गौकशी समेत अन्य गंभीर मामलों में भी जांच की जा रही है। बरामद बाइक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।