

फतेहपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फतेहपुर आगमन पर जिले में विकास की सौगातों की बारिश हुई। मुख्यमंत्री ने ₹489 करोड़ से अधिक की 125 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर शहर की सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों में मुख्यमंत्री के आगमन और विकास परियोजनाओं की सौगात को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार फतेहपुर को पिछड़े जिले की पहचान से बाहर निकालकर विकास की अग्रिम पंक्ति में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नीति आयोग के अगले सर्वे में फतेहपुर अग्रणी विकसित जिलों की सूची में अपना नाम दर्ज कराएगा।
‘माफिया और नकल माफिया को मिट्टी में मिला देंगे’
सीएम योगी ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कानून व्यवस्था को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को माफिया, भूमाफिया और नकल माफिया से मुक्त करने के लिए सरकार लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नकल माफियाओं को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कड़ा संदेश दिया। दिल्ली में चल रहे ‘कॉकरोच पार्टी’ के आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्होंने शिक्षा माफिया को चेतावनी दी और कहा कि सरकार बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नए कानून के जरिए नकल और शिक्षा माफिया पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही।
9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले सवा नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना किसी सिफारिश के सरकारी नौकरी दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ रही है। पहले की व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि अगर पुरानी व्यवस्था होती तो यह संभव नहीं होता।
ODOP से रोजगार के नए रास्ते
योगी आदित्यनाथ ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे छोटे-बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिला है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार और उद्यमियों को बेहतर माहौल उपलब्ध कराना है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की तारीफ
मुख्यमंत्री ने फतेहपुर के विकास में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका की भी सराहना की। उन्होंने विधायक विकास गुप्ता, कृष्णा पासवान, राजेंद्र सिंह पटेल और जयकुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधियों का उल्लेख करते हुए उनके प्रयासों की प्रशंसा की।
सीएम के कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं की सौगात के साथ राजनीतिक संदेश भी साफ नजर आया। मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाने के साथ समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून का राज कायम है और विकास की रफ्तार को आगे भी जारी रखा जाएगा।
कुल मिलाकर फतेहपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पहला जनपद आगमन विकास की बड़ी सौगात, कानून व्यवस्था पर सख्त संदेश और ‘मिशन 2027’ के राजनीतिक संकेतों के साथ खासा चर्चा में रहा।