Editor

कांवड़ यात्रा पर योगी सरकार का मेगा प्लान: अतिरिक्त बसें, 24 घंटे कंट्रोल रूम और हर कदम पर सुरक्षा

Hamari sevaye

लखनऊ। श्रावण मास में 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रदेश के परिवहन विभाग ने कांवड़ यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन, 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम और बस स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाओं का खाका तैयार किया है।

VK Finance

परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि प्रत्येक क्षेत्रीय मुख्यालय पर 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जो कांवड़ यात्रा की शुरुआत से समापन तक सभी गतिविधियों की निगरानी करेगा और उनका रिकॉर्ड भी रखेगा।

हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यूपीएसआरटीसी अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। इसके अलावा लखनऊ, अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और प्रयागराज सहित प्रमुख मार्गों पर भी आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी।

कांवड़ मार्ग पर स्थित बस स्टेशनों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पूछताछ कक्ष, ध्वनि प्रसारण प्रणाली और खान-पान के स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा पर भी विशेष जोर रहेगा। सभी बसों की गति निर्धारित सीमा के भीतर रखी जाएगी और चालकों का अनिवार्य रूप से ब्रीथ एनालाइजर टेस्ट कराया जाएगा। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

सरकार ने परिवहन विभाग, जिला प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय पर भी जोर दिया है। क्षेत्रीय प्रबंधकों को मंडलायुक्त और जिलाधिकारी की बैठकों में भाग लेने तथा रूट डायवर्जन की जानकारी व्हॉट्सएप ग्रुप, दूरभाष और अन्य संचार माध्यमों से तत्काल साझा करने के निर्देश दिए गए हैं।

परिवहन मंत्री ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि निगम की बसों के संचालन से कांवड़ यात्रा किसी भी प्रकार प्रभावित न हो। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित वैकल्पिक मार्गों पर ही बसों का संचालन कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment