

फतेहपुर। सावन माह में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना सुल्तानपुर घोष परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, कांवड़ सेवा समितियों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भाग लेकर यात्रा मार्ग, गंगा घाटों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की।

थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का पर्व है और इसे आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की गाइडलाइन का सख्ती से पालन कराया जाएगा। डीजे प्रतियोगिता, तेज ध्वनि विस्तारक यंत्रों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी से प्रशासन का सहयोग करने और यात्रा को सफल बनाने की अपील की।
उपनिरीक्षक आनंद वर्मा ने कांवड़ यात्रा के निर्धारित रूट, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी। बैठक में मौजूद लोगों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन पर प्रशासन ने संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित कराने का भरोसा दिया।
बैठक के दौरान प्रेमनगर के युवा समाजसेवी आशुतोष मोदनवाल ने थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह चंदेल को पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर नागेश्वर धाम के महंत देवगिरी, बोल बम कांवड़िया संघ सेवा समिति अल्लीपुर के अध्यक्ष नितिन गुप्ता, अंकित कौशल, अमित मोदी, अतुल मौर्य, वीरेंद्र कुमार मौर्य (ग्राम प्रधान), राजेश यादव, अनवर खान (ग्राम प्रधान), नदीम अहमद, सुग्रीव यादव, गंगा पाल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।