

उन्नाव। कानपुर-लखनऊ हाइवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नरी स्थित चर्चित जनता ढाबा पर खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि ढाबे में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन एक ही बर्तनों में तैयार किया जा रहा था, जिससे शाकाहारी ग्राहकों की धार्मिक भावनाओं और विश्वास पर सवाल खड़े हो गए।

निरीक्षण के दौरान ढाबे की साफ-सफाई व्यवस्था भी खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं मिली। रसोई और भोजन तैयार करने के स्थान पर स्वच्छता की कमी देखकर अधिकारियों ने नाराजगी जताई। विभाग ने मौके पर ही संचालक को नोटिस जारी किया और गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए ढाबे को सील कर दिया।
कार्रवाई की खबर फैलते ही वहां पहुंचे ग्राहकों में नाराजगी और चिंता का माहौल बन गया। कई लोगों ने खाद्य सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन की मांग करते हुए प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि आम लोगों के स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं के अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।