
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र की बिंदानगर चौकी एक बार फिर चर्चाओं में है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार चौकी क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित विद्यालय के सामने कथित रूप से लाखों रुपये के अवैध ‘बुक’ (सट्टा) संचालन का खेल लंबे समय से चल रहा है। आरोप है कि इस अवैध गतिविधि की जानकारी क्षेत्रीय पुलिस को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

सूत्रों का यह भी दावा है कि कुछ दिन पहले अवैध बुक संचालन से जुड़े मामले में कार्रवाई हुई थी, लेकिन इस पूरे प्रकरण में किसी भी बड़े जिम्मेदार व्यक्ति का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया। इससे कार्रवाई की निष्पक्षता पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिंदानगर चौकी क्षेत्र में अवैध गतिविधियां लगातार संचालित हो रही हैं और संबंधित पुलिसकर्मियों को इनके बारे में पूरी जानकारी होने के बावजूद इन पर अंकुश नहीं लगाया जा रहा है। साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों की संदिग्ध भूमिका को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं, हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
क्षेत्रवासियों ने उन्नाव के पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लगाई गई तो क्षेत्र में कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
नोट: यह समाचार स्थानीय सूत्रों और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पुलिस अधिकारियों का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।