
उन्नाव। जिले में गंगा नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु के ऊपर पहुंचने के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार गोंड ने शुक्रवार को फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के दबौली काली मिट्टी-शिवराजपुर मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सहित संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने, राहत एवं बचाव की सभी तैयारियां समय से पूरी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष गंगा की कटान के कारण यह मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होकर टूट गया था। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क का पुनर्निर्माण नहीं हो सका है, जिससे क्षेत्र के लोगों की परेशानियां लगातार बनी हुई हैं।
यह मार्ग कानपुर के शिवराजपुर और उन्नाव के फतेहपुर चौरासी क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। बाढ़ के दौरान इसके क्षतिग्रस्त होने से हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है और कई गांवों का संपर्क भी बाधित हो जाता है।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जा सके।