
गंगाघाट थाना क्षेत्र के टकारी गांव में वारदात से मचा हड़कंप, छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश; पुलिस ने कई टीमें लगाईं

उन्नाव। गंगाघाट थाना क्षेत्र के टकारी गांव में किन्नर वैशाली के घर हुई लाखों रुपये की डकैती से इलाके में दहशत फैल गई। देर रात छत के रास्ते घर में घुसे बदमाशों ने असलहों, तलवार और कट्टे के बल पर घर में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। इसके बाद करीब एक घंटे तक घर में लूटपाट की और लाखों रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात व मोबाइल फोन लेकर फरार हो गए।
पीड़िता के मुताबिक, घटना रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच की है। चार बदमाश घर में दाखिल हुए और सो रहे वैशाली व उनके ड्राइवर मोहम्मद आसिफ के साथ मारपीट की। बदमाशों ने दोनों के हाथ-पैर बांध दिए और घर में रखी नकदी व जेवरात खंगालने लगे। पीड़िता ने करीब 11 से 12 लाख रुपये नकद, 100 से 150 ग्राम सोना, चांदी के जेवरात और तीन मोबाइल फोन लूटे जाने की बात कही है। पुलिस के मुताबिक, बदमाश एक मोटरसाइकिल भी लेकर फरार हुए हैं।
वारदात के बाद पीड़िता ने किसी तरह पड़ोस के कपड़ा कारखाने तक सूचना पहुंचाई। इसके बाद डायल 112 को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी, सीओ सिटी, गंगाघाट कोतवाली पुलिस और एसओजी की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि वैशाली का एक अन्य किन्नर गुट से आपसी विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
सीओ सिटी विनी सिंह के मुताबिक, सात अगस्त की सुबह सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अज्ञात बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।