Editor

फतेहपुर: 5 रुपये के विवाद में मासूम पर क्रूरता का आरोप, गर्म चाकू से तलवे दागे; तीन दिन कमरे में बंद रखने का दावा

Hamari sevaye

फतेहपुर। राधानगर थाना क्षेत्र के फुलवामऊ गांव में एक मासूम बच्चे के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि महज पांच रुपये खर्च करने को लेकर हुए विवाद में बच्चे की मां ने पहले उसकी बेरहमी से पिटाई की और फिर गर्म चाकू से उसके दोनों तलवों को दाग दिया। इतना ही नहीं, बच्चे को करीब तीन दिनों तक कमरे में बंद रखे जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने बच्चे को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।

VK Finance

जानकारी के मुताबिक, बच्चे ने 20 रुपये लेकर 15 रुपये का गुटखा खरीदा था। इसके बाद बचे हुए पांच रुपये उसने खर्च कर दिए। इसी बात को लेकर घर में विवाद हुआ। आरोप है कि नाराज मां गुड़िया ने बच्चे के साथ मारपीट की और कथित तौर पर गर्म चाकू से उसके दोनों तलवों को दाग दिया। इसके बाद बच्चे को कमरे में बंद कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि करीब तीन दिनों तक बच्चे को कमरे में रखे जाने के दौरान उसकी चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसियों ने मौके पर पहुंचकर बच्चे की हालत देखी तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने बच्चे को कमरे से बाहर निकाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर जिला अस्पताल भेजा। वहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस के अनुसार, बच्चे के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

मामले में बच्चे के पिता विनय सिंह की तहरीर पर आरोपी मां गुड़िया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना सामने आने के बाद गांव में भी लोगों में आक्रोश है। फिलहाल मासूम का उपचार जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्ट: सूरज कुमार

खबर को शेयर करे

Leave a Comment