Editor

गोमतीनगर में पति का खौफनाक कदम: बैंककर्मी पत्नी की हत्या के बाद बहन को मारी गोली, फिर खुद को भी उड़ाया

Hamari sevaye

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में गुरुवार दोपहर पति-पत्नी के विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। अति व्यस्त मिठाईवाला चौराहा गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। यहां एसबीआई में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत मानस बाजपेई ने अपनी बैंककर्मी पत्नी दिव्या मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी बड़ी बहन के घर पहुंचकर छोटी बहन तुलिका बाजपेई को भी गोली मार दी। अंत में मानस ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में तीनों की मौत हो गई।

VK Finance

जानकारी के मुताबिक, मानस बाजपेई ने पहले मिठाईवाला चौराहे के पास अपनी पत्नी दिव्या मिश्रा को गोली मारी। दिव्या एक निजी बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं। वारदात को अंजाम देने के बाद मानस ई-रिक्शा से हुसड़िया चौराहे पहुंचा। वहां उसने अपनी बड़ी बहन के घर जाकर छोटी बहन तुलिका बाजपेई को गोली मार दी। इसके बाद मानस ने खुद को भी गोली मार ली।

दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस आयुक्त तरुण गाबा, संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार, मानस और दिव्या ने वर्ष 2017 में प्रेम विवाह किया था। दोनों हुसड़िया स्थित मकान में रहते थे। वर्ष 2024 से दोनों के बीच वैवाहिक विवाद चल रहा था। इसी वर्ष जनवरी में मानस ने तलाक के लिए अदालत में अर्जी भी दाखिल की थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत लगभग बंद हो गई थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले मानस को दिव्या की किसी अन्य व्यक्ति से दोस्ती की जानकारी मिली थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ गया। हालांकि, पुलिस अभी इस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। तीन मौतों से इलाके में सनसनी फैल गई है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment