
उन्नाव। पूर्व विधायक अजीत सिंह की जयंती के अवसर पर 23 अगस्त से 5 सितंबर तक जिले में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों को लेकर आयोजकों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आयोजक शशांक शेखर सिंह ‘सन्नी’ ने बताया कि जयंती समारोह के तहत युवाओं और आम लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रमों की शुरुआत गांधी नगर तिराहे से 4 किलोमीटर की मैराथन दौड़ से होगी। मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को 21 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 11 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान पाने वाले को 5,100 रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
वहीं, 5 सितंबर को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल वितरित की जाएगी। जरूरतमंद छात्रों को छात्रवृत्ति देने के साथ ही फल वितरण कार्यक्रम भी होगा। इसके अलावा रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
आयोजक शशांक शेखर सिंह ‘सन्नी’ ने लोगों से कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।