

उन्नाव। विकास भवन सभागार में रसोइयों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी घनश्याम मीना और जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह ने पांच रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड तथा बढ़े हुए मानदेय की राशि के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।

नई व्यवस्था के तहत जिले के 6148 रसोइयों को इसका लाभ मिलेगा। रसोइयों का मानदेय ₹2,000 से बढ़ाकर ₹3,000 प्रतिमाह कर दिया गया है। इसके साथ ही उन्हें ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ₹2 लाख की सामाजिक सुरक्षा और ड्रेस के लिए ₹1,000 की राशि का लाभ भी मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने रसोइयों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। शासन की नई सुविधाओं से रसोइयों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलने के साथ स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों में भी राहत मिलेगी।