

उन्नाव। उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बीजेपी सांसद और फायरब्रांड नेता साक्षी महाराज ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित करने के बयान पर पलटवार किया है।

अखिलेश यादव ने कहा था कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर वीरांगना अवंती बाई लोधी की जयंती पर उत्तर प्रदेश में छुट्टी घोषित की जाएगी। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए साक्षी महाराज ने कहा कि प्रदेश में दो मार्शल कौम हैं, एक यादव और दूसरी लोधी।
साक्षी महाराज ने कहा, “या तो एक लोधी और दूसरा यादव। इन दोनों में सर्प और नेवले का युद्ध होता है। ये कभी इकट्ठे नहीं हो सकते।” उन्होंने आगे कहा, “गालिब ने कहा है न, दिल बहलाने के लिए ख्याल अच्छा है।”
साक्षी महाराज की इस टिप्पणी को अखिलेश यादव के बयान पर राजनीतिक पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। उनके बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में यादव और लोधी समाज को लेकर सियासी चर्चा तेज होने की संभावना है।