

उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र के चकजमालपुर गांव में जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त हसिया (आला कत्ल) भी बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को चकजमालपुर निवासी माधुरी पत्नी स्वर्गीय दिलीप कुमार ने थाना पुरवा में तहरीर देकर बताया कि उनके पति दिलीप कुमार का उनके बड़े भाई केशन पुत्र स्वर्गीय सुन्दरलाल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान केशन ने हसिया से दिलीप के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से दिलीप की मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर थाना पुरवा में मु0अ0सं0 278/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत केशन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 24 अगस्त 2026 को पुरवा पुलिस ने आरोपी केशन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हसिया भी बरामद किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।