
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र में बिजली फाल्ट ठीक करने पोल पर चढ़े बिजली विभाग के संविदा कर्मी की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, संविदा कर्मी दही थाना क्षेत्र में सुपर हाउस फैक्ट्री के पास बिजली की फाल्ट ठीक करने के लिए पोल पर चढ़ा था। इसी दौरान अचानक बिजली की सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। संविदा कर्मी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
परिजनों ने हादसे के बाद जिला अस्पताल के सामने वाली सड़क पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। परिजन बिजली सप्लाई चालू किए जाने को लेकर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।