
उन्नाव। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पं. दीन दयाल उपाध्याय स्टेडियम में खेल निदेशालय, उत्तर प्रदेश लखनऊ के तत्वावधान में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक पंकज गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। स्टेडियम पहुंचने पर आयोजकों ने बैच लगाकर उनका स्वागत किया, जबकि जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश कुमार सबरवाल ने गुलदस्ता भेंट कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हॉकी के महान खिलाड़ी एवं देश के गौरव मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इस दौरान विधायक पंकज गुप्ता ने खिलाड़ियों को राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने और अपनी प्रतिभा के दम पर जिले व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों के साथ हॉकी खेलकर उनका उत्साह बढ़ाया। प्रतियोगिताओं में शामिल खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में खेल विभाग से जुड़े अधिकारी, प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
