

जालौन। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जालौन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 2 कुंतल 27 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो चार पहिया वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आपस में धन एकत्र कर उड़ीसा से सस्ते दामों पर गांजा खरीदते थे। इसके बाद अवैध गांजे को झांसी, जालौन, कानपुर देहात, कानपुर नगर समेत आसपास के जनपदों में ले जाकर राहगीरों और अपने ग्राहकों को बेचते थे।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांजे की बिक्री से मिलने वाली रकम को आपस में बांट लिया जाता था। इस पैसे से वे अपने शौक पूरे करते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। भारी मात्रा में गांजा बरामद होने के बाद पुलिस अब आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों और तस्करी के नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है।