

कानपुर। शहर की बदहाल और गड्ढों से भरी सड़कों के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। माल रोड स्थित नरोना चौराहे पर जलभराव के बीच बैठकर कार्यकर्ताओं ने थाली बजाई और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता पानी से भरे गड्ढे में बैठ गए। इस दौरान उन्होंने ‘आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं’ गीत गाकर शहर की सड़कों की बदहाली पर तंज कसा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बारिश होते ही शहर की कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव और गड्ढों की समस्या गंभीर हो जाती है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सड़कों के निर्माण और मरम्मत पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद सड़कें बार-बार टूट रही हैं। गड्ढों में पानी भरने से वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है।
कांग्रेस ने सड़क निर्माण के टेंडर, गुणवत्ता और खर्च की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही खराब सड़कों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग करते हुए जल्द समस्या का समाधान कराने की अपील की।