

गोरखपुर।प्रदेश के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने गोरखपुर के नेवास बड़गहन गांव में सुधाकर विश्वकर्मा के आवास पर पहुंचकर उनकी पुत्री सपना विश्वकर्मा को सम्मानित किया और हार्दिक बधाई दी। सपना ने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।राज्यमंत्री ने कहा कि सपना की इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे विश्वकर्मा समाज और जनपद गोरखपुर का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से निकलकर राष्ट्रीय मंच पर पदक जीतना आसान नहीं है, इसके लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण की आवश्यकता होती है।सपना की मेहनत, लगन और प्रतिभा निश्चित रूप से क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। राज्यमंत्री ने उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आश्वस्त किया कि सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है।
