Editor

कान्हा के स्वागत को सज रही काशी, जन्माष्टमी पर सफाई से लेकर सड़क-रोशनी तक नगर निगम अलर्ट

मंदिरों और जुलूस मार्गों पर बढ़ेगी सफाईकर्मियों की तैनाती, जलभराव वाले इलाकों पर रहेगी खास नजर

Hamari sevaye

वाराणसी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर काशी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कान्हा के स्वागत में शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित रखने के लिए सफाई, सड़क, जलनिकासी और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने का अभियान शुरू किया गया है।

VK Finance

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर जन्माष्टमी से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी में चूक मिलने पर कार्रवाई होगी।

नगर निगम की ओर से शहर के प्रमुख मंदिरों, धार्मिक स्थलों, जुलूस मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इन स्थानों पर नियमित कूड़ा उठान के साथ नालियों की तली झाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

जलभराव वाले इलाकों पर विशेष निगरानी

जिन क्षेत्रों में पहले जलभराव और गंदगी की शिकायतें सामने आती रही हैं, वहां विशेष मॉनिटरिंग की जाएगी। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे केवल कार्यालय से निगरानी न करें, बल्कि अपने-अपने क्षेत्रों में धरातल पर उतरकर व्यवस्थाओं का जायजा लें और कमियों को तत्काल दूर कराएं।

सड़क और स्ट्रीट लाइट भी होंगी दुरुस्त

श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर सड़क के गड्ढों का पैचवर्क प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा, ताकि रात के समय मंदिरों और जुलूस मार्गों पर पर्याप्त रोशनी बनी रहे।

नगर निगम का लक्ष्य है कि जन्माष्टमी के आयोजन से पहले काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर सफाई, प्रकाश और सड़क व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि तैयारियों में किसी भी तरह की कमी न रह जाए, जिससे पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिल सके।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment