

नैनीताल। उत्तराखंड के नैनीताल के पास स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम में देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। लेकिन इन दिनों यहां हालात बेहद चिंताजनक बने हुए हैं। लगातार बारिश के बीच शिप्रा नदी उफान पर है, जिसके चलते मंदिर के आसपास का इलाका पानी से घिरा नजर आ रहा है।

शिप्रा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। तेज बहाव और बढ़ते पानी को देखते हुए कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही जोखिम भरी हो सकती है। नदी का बहाव इतना तेज है कि किनारे के आसपास जाना भी जानलेवा साबित हो सकता है।
कैंची धाम में बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन और स्थानीय लोगों की ओर से लोगों से अत्यधिक सावधानी बरतने और नदी के करीब नहीं जाने की अपील की जा रही है।
बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन का खतरा भी बना रहता है। इसलिए श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मौसम तथा स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए ही यात्रा करने की सलाह दी जा रही है।