Editor

पं. कमलापति त्रिपाठी की 121वीं जयंती पर चंदौली में हुआ भव्य आयोजन, ललितेश पति त्रिपाठी ने गिनाए विकास कार्य

Hamari sevaye

चंदौली। गुरुवार, 3 सितंबर को पंडित कमलापति त्रिपाठी स्मृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में चंदौली के भागीरथ, अन्नदाता, विकास पुरुष, मूर्धन्य पत्रकार, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा सदस्य, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व रेल मंत्री पं. कमलापति त्रिपाठी जी की 121वीं जयंती कमलापति त्रिपाठी पार्क में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उनके प्रपौत्र एवं पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्थान के संयोजक धर्मेंद्र तिवारी ने किया।

VK Finance

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललितेश पति त्रिपाठी ने कहा कि पं. कमलापति त्रिपाठी ने चंदौली, वाराणसी और पूरे पूर्वांचल के विकास को केवल शहरों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि सिंचाई, कृषि, रेलवे, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत ढांचे को विकास की मुख्य धारा से जोड़ा।

उन्होंने कहा कि चंदौली को “धान का कटोरा” बनाने में सिंचाई व्यवस्था के विस्तार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से नहरों, बांधों और पंप कैनाल जैसी सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ, जिससे किसानों को कृषि के लिए पर्याप्त पानी मिला और उत्पादन बढ़ा। सिंचाई के विस्तार से खेती, उत्पादन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का प्रयास किया गया।

सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि पं. कमलापति त्रिपाठी के विकास मॉडल में शिक्षा और स्वास्थ्य को भी विशेष महत्व दिया गया। स्कूल-कॉलेज, अस्पताल और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।

उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के विकास में रेलवे को मजबूत करने की उनकी सोच भी महत्वपूर्ण थी। मुगलसराय रेलवे क्षेत्र और डीरेका के आधुनिकीकरण तथा रेलवे के विस्तार से व्यापार और आवागमन को नई गति मिली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के अध्यक्ष डॉ. नारायण मूर्ति ओझा ने कहा कि पं. कमलापति त्रिपाठी का विकास मॉडल समग्र विकास पर आधारित था, जिसमें रेलवे और सड़कों के माध्यम से बाजारों को जोड़ने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करने तथा पूरे पूर्वांचल को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की सोच थी।

उन्होंने कहा कि इसी कारण चंदौली में आज भी पं. कमलापति त्रिपाठी को केवल पूर्व मुख्यमंत्री या कांग्रेस नेता के रूप में नहीं, बल्कि “विकास पुरुष” के रूप में याद किया जाता है। आज भी चंदौली में सिंचाई और नहरों की चर्चा होने पर उनका नाम प्रमुखता से सामने आता है।

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से अतिथियों, सम्मानित नागरिकों और कांग्रेसजनों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण द्विवेदी, मुगलसराय शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, देवेंद्र प्रताप सिंह, आनंद शुक्ला, सतीश बिंद, रामजी गुप्ता, राम आधार जोसेफ, श्रीराम यादव, प्रदीप मिश्रा, राहुल सिंह, विजय तिवारी, नेहाल अख्तर बाबू, रजनीकांत पांडे, प्रताप नारायण पांडे, मधु राय, दुर्गादत्त, दिनेश चंद्र त्रिपाठी, शशिनाथ उपाध्याय, गंगा प्रसाद, श्रीकांत पाठक, शमशेर अली, राकेश सिंह, विवेक सिंह, सत्येंद्र उपाध्याय, हर्ष तिवारी और दशरथ चौहान सहित बड़ी संख्या में जनपद के सम्मानित नागरिक एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment