

उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने गुरुवार, 3 सितंबर 2026 को कोतवाली प्रभारी के रूप में अपना एक वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था से जुड़ी कई चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का धैर्य और सूझबूझ के साथ सामना किया।

3 सितंबर 2025 को चार्ज संभालने के अगले ही दिन देवारा मार्ग पर हुए भीषण हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हंगामा और पथराव किया था। पुलिस के सामने स्थिति को नियंत्रित करने की चुनौती थी। अजय कुमार सिंह ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। इसके तुरंत बाद ब्रह्मनगर में करीब 30 लाख रुपये की बड़ी डकैती ने पुलिस के सामने एक और चुनौती खड़ी कर दी। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने लूट का माल बरामद किया और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
इसके कुछ समय बाद मनोहर नगर में कथित लव जिहाद प्रकरण को लेकर हिंदू-मुस्लिम समुदाय आमने-सामने आ गए। पथराव और पुलिस के साथ अभद्रता की स्थिति के बावजूद प्रभारी निरीक्षक ने धैर्य नहीं खोया और प्रभावी कार्रवाई करते हुए माहौल को शांत कराया। इससे क्षेत्र में बड़े विवाद या दंगे की स्थिति बनने से टल गई।
इसके अलावा क्षेत्र में सामने आए कई छोटे-बड़े मामलों को भी पुलिस ने शांतिपूर्ण तरीके से निपटाया। हाल ही में चर्चित किन्नर लूटकांड का खुलासा भी पुलिस ने किया और आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की।
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान ब्रह्मनगर डकैती मामले में चार, किन्नर लूटकांड में दो और एक शातिर चोर समेत कुल सात मामलों में हाफ एनकाउंटर की कार्रवाई का भी उल्लेख किया गया है।
लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच कानून-व्यवस्था संभालने, अपराधों के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में सक्रिय भूमिका के चलते अजय कुमार सिंह का एक वर्ष का कार्यकाल चर्चा में रहा है। उनकी कार्यकुशलता और परिस्थितियों को संभालने की क्षमता को ही वजह माना जा रहा है कि वह आज भी गंगाघाट कोतवाली की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।