

उन्नाव। जाजमऊ गंगापुल के प्रस्तावित मरम्मतीकरण कार्य को देखते हुए संभावित रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

मंगलवार, 8 सितंबर को जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ थाना बारासगवर क्षेत्र में बक्सर पुल और फतेहपुर-उन्नाव रोड का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संभावित रूट डायवर्जन के विकल्पों, वैकल्पिक मार्गों की स्थिति और यातायात प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उपजिलाधिकारी बीघापुर धर्मेन्द्र सिंह, क्षेत्राधिकारी बीघापुर मधुपनाथ मिश्रा और एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जाजमऊ गंगापुल के मरम्मतीकरण के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए वैकल्पिक मार्गों को लेकर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने और यातायात के सुचारू संचालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की ओर से संभावित रूट डायवर्जन को लेकर पहले से तैयारियां किए जाने से मरम्मतीकरण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की कवायद शुरू हो गई है।