Editor

सोते समय पिता-पुत्र को जहरीले सांप ने डसा, मासूम की हालत गंभीर; आईसीयू में भर्ती

Hamari sevaye

फतेहपुर। जिले के खखरेरू कस्बे में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने परिवार को दहशत में डाल दिया। रामनगर वार्ड नंबर-12 में एक ही बिस्तर पर सो रहे पिता-पुत्र को जहरीले सांप ने डस लिया। अचानक हुई घटना से घर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने बिना समय गंवाए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुत्र की हालत गंभीर होने के कारण उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

VK Finance

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत खखरेरू के रामनगर वार्ड नंबर-12 निवासी सुनील कुमार तिवारी (35) सोमवार रात अपने करीब 10 वर्षीय पुत्र अंकुश तिवारी के साथ एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि रात करीब तीन बजे अचानक छत से एक जहरीला सांप बिस्तर पर गिर पड़ा। सांप ने पहले अंकुश के हाथ में डस लिया और इसके बाद उसके पिता सुनील कुमार को भी काट लिया।

घटना के बाद दोनों की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि सांप बिस्तर में ही छिप गया, जिससे परिवार में और अधिक दहशत फैल गई। परिजनों ने तत्काल दोनों को निजी वाहन से जिला अस्पताल फतेहपुर पहुंचाया।

जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत को गंभीर देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार सुनील कुमार की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, जबकि उनके करीब 10 वर्षीय पुत्र अंकुश की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती कर उपचार किया जा रहा है।

बरसात में बढ़ जाता है सर्पदंश का खतरा

बरसात के मौसम में सांपों के बिलों और सुरक्षित ठिकानों में पानी भरने के कारण उनके घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार घर के आसपास साफ-सफाई रखना, दीवारों और छत की दरारों को बंद करना तथा रात में सोने के स्थान को सुरक्षित रखना जरूरी है।

सर्पदंश की स्थिति में किसी भी तरह की झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए, क्योंकि समय पर चिकित्सकीय उपचार मिलने से गंभीर स्थिति में भी मरीज की जान बचाने की संभावना बढ़ जाती है।

फिलहाल अंकुश का मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। घटना के बाद से परिवार के लोग बेहद चिंतित हैं और मासूम के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment