
इंडिगो स्लाटर हाउस गेट पर परिजनों ने किया प्रदर्शन, मृतक के पांचों बच्चे नाबालिग

उन्नाव। दही थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर हुए सड़क हादसे में फैक्टरी कर्मी मोहम्मद रशि (40) की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद बुधवार को मृतक के परिजनों ने इंडिगो स्लाटर हाउस के गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन परिवार को आर्थिक सहायता दिलाने और हादसे के जिम्मेदार वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मद रशि मंगलवार दोपहर खाना खाने के लिए फैक्टरी से बाहर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और परिजनों की मदद से उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर फैक्टरी गेट पर पहुंचे और आर्थिक सहायता व कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। सूचना पर दही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।
परिजनों के मुताबिक, मोहम्मद रशि अपने पीछे पत्नी हीना (36) के अलावा एक बेटी और चार बेटों को छोड़ गए हैं। मृतक के सभी पांचों बच्चे नाबालिग हैं। परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला हुआ है। परिवार की आजीविका मुख्य रूप से मृतक की कमाई पर निर्भर थी।
मोहम्मद रशि की मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इसी को लेकर परिजन फैक्टरी प्रबंधन से आर्थिक सहायता और प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। साथ ही हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल दही थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और परिजनों से बातचीत कर रही है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है। वहीं, धरने के चलते फैक्टरी गेट पर लोगों की भीड़ जमा रही।
सड़क हादसे में फैक्टरी कर्मी की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों का धरना