

उन्नाव। कोतवाली गंगाघाट क्षेत्र के अखलाक नगर में बंद मकान की पीछे की खिड़की की जाली तोड़कर हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। गंगाघाट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के ही निवासी गुलफाम और अरबाज को गिरफ्तार किया है। घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी एकनाली बंदूक, एचपी कंपनी का लैपटॉप, साइंटिफिक कैलकुलेटर, सैमसंग कंपनी का टैबलेट, 32 जीबी मेमोरी कार्ड, तीन अंगूठियां, दो जोड़ी पायल, दो चांदी के सिक्के और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
चोरी की घटना का सफल अनावरण करने वाली गंगाघाट पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उन्नाव द्वारा टीम को ₹15,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।