
पुतला फूंकने को लेकर पुलिस से झड़प, कलेक्ट्रेट के सामने दिया धरना

उन्नाव। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी उन्नाव के नेतृत्व में कथित ‘वोट चोरी’ के विरोध में विरोध मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता जिला कांग्रेस कार्यालय से हरदोई पुल, बड़ा चौराहा और कचहरी होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।
बड़ा चौराहा पर प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंकने का प्रयास किया। पुलिस ने पुतला दहन रोकने का प्रयास किया, जिसको लेकर पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और झड़प हुई। पुलिस द्वारा पुतला कब्जे में लेने के प्रयास के दौरान कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता निर्वाचन कार्यालय के सामने सड़क पर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध जताया। बाद में प्रदर्शनकारी जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचे और धरना-प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष सुरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के जरिए कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रदर्शन में मधू रावत, जंग बहादुर सिंह, चंद्र प्रकाश शुक्ला, हनुमंत सिंह, विश्वास निगम, फैज फारूकी, दिनेश शुक्ला, शिवम अवस्थी, सुयश बाजपाई, आशीष त्रिपाठी, शंकर लाल गौतम, बीडी कठेरिया, आशुतोष मिश्रा, युसुफ फारूकी और गुलजार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।