Editor

वाराणसी में तीन दिन गूंजेगा वायुशक्ति का प्रदर्शन, अंतिम दिन आ सकते हैं पीएम मोदी

Hamari sevaye

वाराणसी। काशी में प्रस्तावित भारतीय वायु सेना के भव्य एयर शो को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गुरुवार देर शाम सर्किट हाउस के सभागार में जिलाधिकारी और सेना के अधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह एयर शो को लेकर आयोजित तीसरी बैठक थी, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा के साथ सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

VK Finance

नमो घाट से अस्सी घाट तक होगा एयर शो

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार भारतीय वायु सेना का एयर शो 23 से 25 अक्टूबर तक वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। नमो घाट से अस्सी घाट के बीच गंगा के ऊपर होने वाले इस आयोजन में लड़ाकू विमानों और वायु सेना की विभिन्न क्षमताओं का प्रदर्शन देखने को मिलेगा। आयोजन को लेकर प्रशासन और सेना के अधिकारी लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।

अंतिम दिन PM मोदी के आने की संभावना

वाराणसी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर प्रस्तावित इस एयर शो के अंतिम दिन प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेंद्र मोदी के आने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि उनके कार्यक्रम को लेकर अभी अंतिम आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इससे पहले कुछ दिन पूर्व फाइटर जेट्स ने काशी के आसमान में उड़ान भरकर प्रस्तावित आयोजन क्षेत्र का जायजा लिया था।

20 अक्टूबर से शुरू होगा अभ्यास

एयर शो से पहले 20 अक्टूबर से काशी के आसमान में फाइटर जेट्स का अभ्यास शुरू होने की बात सामने आई है। यह अभ्यास करीब दो दिनों तक चलेगा। अभ्यास के दौरान विमानों की उड़ान, रूट और अन्य तकनीकी पहलुओं को परखा जाएगा।

20 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने का अनुमान

प्रशासन के अनुमान के मुताबिक तीन दिनों के आयोजन में 20 लाख से अधिक लोगों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, आपातकालीन सेवाओं और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि इतने बड़े आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी किसी तरह की परेशानी न हो।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment