
उन्नाव। दही थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव में फैक्ट्रियों से निकल रहे दूषित पानी को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्टैंडर्ड स्लॉटर हाउस, सीमा एग्रो फूड्स समेत कई फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा और दूषित पानी खेतों में पहुंच रहा है, जिससे कई बीघे फसल प्रभावित हो रही है।

किसानों का कहना है कि बार-बार शिकायत और अधिकारियों से फरियाद के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। फसल खराब होने से किसानों के सामने परिवार की रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
समस्या से नाराज किसान महिलाएं गुरुवार को हाथों में लाठी-डंडे लेकर फैक्ट्री पहुंच गईं। महिलाओं के पहुंचते ही फैक्ट्री प्रबंधन ने गेट अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद आक्रोशित महिलाओं ने फैक्ट्री के बाहर ही डेरा डाल दिया।
किसानों का आरोप है कि फैक्ट्रियों का दूषित पानी लगातार खेतों को नुकसान पहुंचा रहा है। उनका कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो परिवारों के सामने भुखमरी का संकट खड़ा हो सकता है। मौके पर ग्रामीणों और फैक्ट्री प्रबंधन के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।