
उन्नाव। कलेक्ट्रेट गेट के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया और उसे बचा लिया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित युवक मोहन द्विवेदी कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचा था। अचानक उसने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया और आत्मदाह की कोशिश करने लगा। सुरक्षाकर्मियों की नजर पड़ते ही उसे रोक लिया गया।
युवक ने मियागंज ब्लॉक प्रमुख और उनके भाइयों पर जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया है। उसका दावा है कि लेखपाल की मिलीभगत से उसकी करीब साढ़े छह बीघा जमीन पर जेसीबी चलवाकर कब्जा कर लिया गया। पीड़ित के मुताबिक, उसने मामले की शिकायत कई अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराए गए हैं और माखी थाना पुलिस पर भी विरोधियों से मिलीभगत कर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। घटना की जानकारी मिलते ही अपर जिलाधिकारी सुशील गोंड मौके पर पहुंचे और युवक को समझाकर शांत कराया। एडीएम ने मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं और पीड़ित को कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।