
सदर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने थाना माखी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक पर शादी का झांसा देकर करीब सात वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती ने शुक्रवार को सदर कोतवाली पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सात साल से शादी का झांसा देने का आरोप
प्रार्थना पत्र के अनुसार, युवती का आरोप है कि युवक ने नौकरी लगने के बाद शादी करने का भरोसा दिया था। आरोप है कि इसी भरोसे के दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती का कहना है कि बाद में जब उसे युवक की नीयत पर संदेह हुआ तो उसने शादी के लिए दबाव बनाया।
युवती के मुताबिक, 15 जनवरी 2026 को पुलिस की मौजूदगी में नोटरी वैवाहिक घोषणा पत्र तैयार कराया गया था। आरोप है कि युवक ने उस समय कहा कि फिलहाल इस दस्तावेज को रख लो और पुलिस की नौकरी मिलने के बाद विधिवत शादी कर लेंगे।
शादी की बात पर विवाद और धमकी का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि 25 जुलाई 2026 को जब उसने दोबारा शादी की बात कही, तो युवक के भाई ने, जो पुलिस विभाग में कार्यरत बताया गया है, उसके साथ गाली-गलौज की और धमकी दी।
युवती ने प्रार्थना पत्र में युवक और उसके भाई के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए आरोप लगाया है कि उसके साथ धोखा किया गया और अब शादी से इनकार किया जा रहा है।
