Editor

काशी में दिव्यांग क्रिकेट का महाकुंभ! ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का भव्य अनावरण, देशभर की टीमें दिखाएंगी दम

Hamari sevaye

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर सेवा संकल्प माह के अंतर्गत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में प्रस्तावित T20 नेशनल दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता ‘सेवा संकल्प ट्रॉफी’ का गुरुवार को होटल ताज में भव्य अनावरण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी की विशेष उपस्थिति रही।

VK Finance

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं। यदि उन्हें अवसर और उचित मंच मिले तो वे अपनी प्रतिभा के दम पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाना, उनमें आत्मविश्वास और नई उम्मीद जगाना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत का संदेश देना है।

ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का राष्ट्रीय मंच मिलेगा।

कार्यक्रम का संचालन एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आभार जताते हुए कहा कि दिव्यांगजन उनके साथ मजबूती से खड़े हैं। संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर पद्मश्री विमल जैन, ट्विंस ब्रदर राहुल गुप्ता व रोहित गुप्ता, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी, रवि प्रताप सिंह, साजन, चंदन सिंह सिसोदिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment