Editor

उन्नाव: 33 केवी लाइन में करंट उतरने से संविदा कर्मचारी की मौत, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

Hamari sevaye

औरास में ट्रांसफार्मर पर अर्थिंग का तार डालते समय हुआ हादसा, इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम, जेई को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े परिजन

VK Finance

औरास, संवाददाता। उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में बिजली विभाग की कथित लापरवाही से एक संविदा कर्मचारी की जान चली गई। शुक्रवार दोपहर औरास बिजली उपकेंद्र पर तैनात सब स्टेशन ऑपरेटर ऋषि सिंह (34) ट्रांसफार्मर से जुड़ी 33 केवी लाइन पर अर्थिंग का तार डाल रहा था। इसी दौरान आरोप है कि खोखापुर बिजली पावर हाउस से अचानक लाइन चालू कर दी गई, जिससे वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के दौरान पावर हाउस में आग भी लग गई।

मौके पर मौजूद संविदा कर्मचारियों ने आनन-फानन में ऋषि सिंह को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), औरास पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद अस्पताल परिसर में पुलिस बल तैनात रहा।

इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक ऋषि सिंह औरास थाना क्षेत्र के भुड़कुंडी गांव का रहने वाला था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। पति की मौत की खबर मिलते ही पत्नी जूही सिंह और मां कांती सिंह अस्पताल पहुंचीं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के सदस्यों के अनुसार, मृतक की छह माह की बेटी भी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के खिलाफ आक्रोश

हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिली। परिजन मौके पर अवर अभियंता (जेई) को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। उनका आरोप है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संबंधित अधिकारी समय पर मौके पर नहीं पहुंचे।

बिजली विभाग के एसडीओ धर्मेंद्र कुमार काफी देर बाद अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें परिजनों और ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। शाम छह बजे तक जेई के मौके पर नहीं पहुंचने की बात सामने आई। परिजनों के मुताबिक, जेई का मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ था।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना पर थाना प्रभारी संजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

संविदा कर्मचारियों में भी नाराजगी

ऋषि सिंह की मौत के बाद औरास बिजली उपकेंद्र पर तैनात अन्य संविदा कर्मचारियों में भी आक्रोश है। कर्मचारियों ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल हादसे में लापरवाही की जिम्मेदारी तय होना और पुलिस जांच के बाद आगे की कार्रवाई होना बाकी है।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment