Editor

डबल इंजन सरकार ने यूपी की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलीं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

वाराणसी में शिक्षक-स्नातक महासम्मेलन को किया संबोधित, भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान की अपील

Hamari sevaye

वाराणसी, 14 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के महासम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदलने का काम किया है। शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया, दंगों और कर्फ्यू के लिए नहीं, बल्कि बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास के लिए जाना जाता है।

VK Finance

महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र और स्नातक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के समर्थन में मतदान की अपील की।

साढ़े नौ वर्षों में लाखों युवाओं को रोजगार देने का दावा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी हैं। इसके अतिरिक्त पुलिस विभाग में 32 हजार तथा होमगार्ड में 42 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की बात कही। उन्होंने बताया कि एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के माध्यम से तीन करोड़ से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भदोही, शाहजहांपुर, कुशीनगर, मिर्जापुर, आजमगढ़, बलरामपुर, मुरादाबाद, सहारनपुर और अलीगढ़ में नए विश्वविद्यालयों की स्थापना की गई है। उनके अनुसार, बेसिक और माध्यमिक शिक्षा में 1.60 लाख से अधिक शिक्षकों के रिक्त पदों को भरा गया है। युवाओं को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के लिए 62 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन भी वितरित किए गए हैं।

शिक्षकों के बीमा और पेंशन व्यवस्था का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और कर्मचारियों के हित में उठाए गए कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित संस्थानों के शिक्षकों के लिए पांच लाख रुपये के स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था की गई है। वहीं, स्ववित्तपोषित विद्यालयों के शिक्षकों के लिए 40 लाख रुपये से लेकर 1.5 करोड़ रुपये तक के सुरक्षा बीमा कवर का भी उल्लेख किया।

उन्होंने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के तहत 14 लाख कार्मिकों के खातों के लिए 10 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था और सरकारी अंशदान को 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 14 प्रतिशत किए जाने की जानकारी दी।

काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम के भव्य निर्माण से वाराणसी में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है। उनके अनुसार, यहां प्रतिदिन औसतन एक लाख श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय कारोबार और रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण और प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था को उत्तर प्रदेश की बदलती पहचान का प्रमुख आधार बताया।

सपा सरकार पर साधा निशाना

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि उस दौरान शिक्षा व्यवस्था में अराजकता थी और भर्तियों में पक्षपात होता था। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए ‘सिपाही सिंडिकेट’ का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि सपा सरकार के कार्यकाल में कर्मचारियों और शिक्षकों के एनपीएस खातों में कोई धनराशि जमा नहीं की गई थी।

सुरेश खन्ना ने मतदाताओं से की मतदान की अपील

महासम्मेलन को संबोधित करते हुए वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने मतदाताओं से 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनाव में अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन मिलने वाले अवकाश का उपयोग पिकनिक मनाने के बजाय लोकतांत्रिक कर्तव्य निभाने में किया जाना चाहिए।

उन्होंने भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों डॉ. प्रमोद मिश्र और केदारनाथ सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक प्रत्याशी डॉ. प्रमोद मिश्र ने भी अपने विचार रखे और समर्थन मांगा।

कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी रहे मौजूद

महासम्मेलन में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, मंत्री रविंद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र दयालु, हंसराज विश्वकर्मा, वाराणसी के प्रभारी एमएलसी अरुण पाठक, महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया और जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, टी. राम और धर्मेंद्र राय सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम में चंद्रशेखर उपाध्याय, मीडिया संयोजक प्रमील पांडेय, सह संयोजक अशोक पांडेय, पूजा दीक्षित, विकास बागी, राकेश जायसवाल, अजय गुप्ता, अमित खरे, अनिल तिवारी, विनय सिंह, अमित श्रीवास्तव, संजीव बनारसी, मधुकर चित्रांश, योगेश वर्मा, नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर, अभिषेक श्रीवास्तव, सुमित मिश्रा और ऋत्विक मिश्रा समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment