

उन्नाव। जिले के गंगाघाट थाना क्षेत्र में घर से नकदी और आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, तीन जोड़ी बिछिया और 440 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, मनसुखखेड़ा चंपापुरवा निवासी ज्योति जायसवाल पत्नी पंकज जायसवाल ने 14 अक्टूबर 2026 को गंगाघाट थाने में लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 13 अक्टूबर को वह अपने बच्चे के साथ किसी काम से फूलबाग गई थीं। उनके पति भी उस समय घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गया और अलमारी में रखी नकदी व आभूषण चोरी कर ले गया।
शिकायत के आधार पर गंगाघाट थाने में मुकदमा अपराध संख्या 568/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(3) में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सामने आए आरोपी गोविंद उर्फ निहाल पुत्र राकेश, निवासी मनसुखखेड़ा चंपापुरवा, थाना गंगाघाट, उम्र करीब 20 वर्ष को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी का बताया गया सामान बरामद किया गया। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह चौहान, मुख्य आरक्षी सुशील कुमार, युगेश प्रजापति, आरक्षी साहिल और आरक्षी आदित्य गौतम शामिल रहे।