Editor

फतेहपुर में मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत, दो की बची जान

Hamari sevaye

खागा के बैजूपुर गांव में विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबे पांच किशोर, तीन परिवारों में मचा कोहराम, गांव में पसरा मातम

VK Finance

फतेहपुर। जिले के खागा कोतवाली क्षेत्र के बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में डूबने से तीन किशोरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य किशोरों को सुरक्षित बचा लिया गया। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबे पांच किशोर

जानकारी के अनुसार, बैजूपुर मजरे कटोघन गांव में मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान पांच किशोर तालाब के पानी में उतर गए। गहराई का अंदाजा नहीं लगने के कारण वे डूबने लगे। किशोरों को पानी में डूबता देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों ने तालाब से निकाला, अस्पताल में तीन की मौत

हादसे के बाद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए पांचों किशोरों को तालाब से बाहर निकाला और तत्काल हरदो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने आदित्य, साजन और अभिमन्यु को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य किशोरों को बचा लिया गया।

तीन परिवारों में मचा कोहराम

एक साथ तीन किशोरों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस गांव में विसर्जन के दौरान उत्सव का माहौल था, वहां हादसे के बाद मातम छा गया।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

द वॉयस इंडिया न्यूज़ | फतेहपुर संवाददाता: सूरज कुमार

खबर को शेयर करे

Leave a Comment