

सूरज गोयल फतेहपुर

फतेहपुर। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के दिशा-निर्देशों के क्रम में थाना हुसैनगंज प्रभारी तारकेश्वर राय के नेतृत्व में यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया।
थाना क्षेत्र में आयोजित इस अभियान में आदर्श व्यापार मंडल संपूर्ण भारत गर्ग गुट ने सहभागिता करते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी तारकेश्वर राय की भूमिका प्रमुख रही। उनके नेतृत्व में दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराया गया। वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन करना स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए भी आवश्यक है।
आदर्श व्यापार मंडल संपूर्ण भारत गर्ग गुट के जिला अध्यक्ष अभिनव यादव के नेतृत्व में जनपद में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए थाना हुसैनगंज क्षेत्र में यह पहल की गई। अभियान में पुलिस प्रशासन और व्यापार मंडल की सहभागिता के माध्यम से आमजन को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी, जिला कोषाध्यक्ष अभय गुप्ता उर्फ बबलू, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बबला सोनी, पत्रकार सूरज गोयल, बलखंडी साहू तथा धर्मेंद्र प्रधान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
थाना प्रभारी तारकेश्वर राय के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का मुख्य संदेश रहा कि यातायात नियमों का पालन करें, सावधानी से वाहन चलाएं और सड़क सुरक्षा को अपनी जिम्मेदारी समझें। ऐसे जागरूकता अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।