Editor

काशी के आसमान में राफेल-सुखोई के हैरतअंगेज करतब, चेतक हेलीकॉप्टरों ने लहराया तिरंगा; नमो घाट पर उमड़ा जनसैलाब, पीएम मोदी के रोड शो में बरसे फूल

Hamari sevaye

वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी रविवार को रोमांच, राष्ट्रभक्ति और उत्साह के अद्भुत संगम की साक्षी बनी। भारतीय वायुसेना के ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में आसमान पर लड़ाकू विमानों के हैरतअंगेज करतब देखने के लिए नमो घाट से लेकर गंगा के दोनों किनारों तक लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। फाइटर जेट्स ने आसमान में अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं चेतक हेलीकॉप्टरों ने तिरंगा लहराकर लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।

VK Finance

नमो घाट पर जुटे हजारों दर्शकों की निगाहें आसमान पर टिकी रहीं। विमानों की तेज गर्जना और आसमान में बने मनमोहक दृश्यों ने लोगों को रोमांचित कर दिया। परिवारों, युवाओं और बच्चों ने इस ऐतिहासिक आयोजन को उत्साह के साथ देखा। गंगा के दोनों तटों पर एयर शो की एक झलक पाने के लिए लोगों की भारी भीड़ नजर आई।

पीएम मोदी के रोड शो में फूलों की बारिश, गूंजे ‘हर हर महादेव’ के जयकारे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी आगमन पर काशी में भव्य स्वागत किया गया। पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब सात किलोमीटर के रोड शो के दौरान जगह-जगह समर्थकों की भीड़ उमड़ी। आठ स्थानों पर फूल बरसाकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया गया। समर्थकों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। शंखनाद, डमरू की गूंज और ‘हर हर महादेव’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो उठा।

पीएम के आगमन पर हवाई यातायात प्रभावित, दो उड़ानें लखनऊ डायवर्ट

प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भी हवाई यातायात प्रभावित हुआ। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली और हैदराबाद से आने वाली दो उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया। प्रधानमंत्री के मूवमेंट के दौरान कुछ समय के लिए विमानों की लैंडिंग पर रोक लगाए जाने से यात्रियों को असुविधा हुई। एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, प्रधानमंत्री के जाने के बाद उड़ानों का संचालन सामान्य कर दिया गया।

काशी में एक ओर गंगा के ऊपर वायुसेना के विमानों का रोमांच दिखाई दिया, तो दूसरी ओर सड़कों पर प्रधानमंत्री के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब चर्चा का केंद्र बना रहा। ‘विंग्स ओवर गंगा’ ने काशी के आसमान को रोमांच और राष्ट्रभक्ति के रंगों से भर दिया।

खबर को शेयर करे

Leave a Comment