
वाराणसी। एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के बाद समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने चुनाव को लेकर अपनी रणनीति और राजनीतिक रुख स्पष्ट किया। उन्होंने इस विधान परिषद चुनाव को वर्ष 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का ‘सेमीफाइनल’ बताया।

आशुतोष सिन्हा ने सपा मुखिया अखिलेश यादव का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें दोबारा सदन में अपनी बात रखने का अवसर उनके पिछले कार्यकाल में किए गए कार्यों के आधार पर मिला है। उन्होंने दावा किया कि विधान परिषद में उन्होंने गरीब, मजदूर, किसान, युवा, बेरोजगार, शिक्षक, शिक्षामित्र, पुरानी पेंशन की मांग कर रहे राज्य कर्मचारियों, पत्रकारों और पीडीए समेत विभिन्न वर्गों की आवाज उठाई।
सपा प्रत्याशी ने कहा कि सदन में जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने एमएलसी चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत का दावा करते हुए कहा कि चुनाव परिणाम वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की राजनीतिक दिशा का संकेत देंगे।
आशुतोष सिन्हा ने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की जीत के साथ अखिलेश यादव के दोबारा मुख्यमंत्री बनने का रास्ता मजबूत होगा।